- रचना पासवान, कमल पासवान, ललन यादव, रितेश यादव, छोटू राम, रोहित राम के हत्या एवं बिहार में व्याप्त जंगलराज के खिलाफ आंदोलन होगा तेज – किरण देव यादव
खगड़िया सदर : भीम आर्मी एवं देश बचाओ अभियान का संयुक्त बैठक हॉस्पिटल रोड अवस्थित संपर्क कार्यालय में किया गया, जिसकी अध्यक्षता अभियान के संस्थापक अध्यक्ष सह भीम आर्मी के संरक्षक किरण देव यादव ने किया।
श्री यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि भीम आर्मी के राज्यव्यापी अभियान पर राज्य एवं देश में हो रहे अन्याय अत्याचार हत्या बलात्कार भ्रष्टाचार के खिलाफ कोशी कॉलेज चौक से प्रतिरोध मार्च निकालकर विभिन्न मार्ग होते हुए रेलवे जंक्शन चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजयकांत सिंहा का पुतला दहन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि औरंगाबाद में कोमल पासवान, सासाराम में रचना पासवान एवं एक 80 वर्षीय के वृद्ध महिला के साथ सामूहिक बलात्कार कर निर्मम हत्या की गई। वहीं पटना के नौबतपुर में ललन यादव, दुल्हिन बाजार में रितेश यादव यादव , खगड़िया में छोटू राम एवं रोहित राम तथा मजदूर की हत्या की गई। बिहार में जंगलराज व्याप्त है, अपराधियों का बोलबाला है। बिहार एवं देश जल रहा है और मोदी नीतीश बंसी बजा रहे हैं।
भीम आर्मी के प्रमंडल प्रभारी सावंत प्रधान ने कहा कि आज भाजपा आरएसएस की सरकार में पूरे देश में साजिश के तहत मनुवादियों द्वारा दलित बहुजनों पर हमला हत्या बलात्कार किया जा रहा है। पूरे देश में अराजकता भ्रष्टाचार का माहौल है। बहुजनों को गोलबंद होना होगा।
भीम आर्मी के प्रभारी सोनू कुमार, देश बचाओ अभियान के राष्ट्रीय महासचिव सह आजपा के प्रदेश अध्यक्ष उमेश ठाकुर, बामसेफ के राम सुचित पासवान, असंगठित निर्माण मजदूर यूनियन के सुनील कुमार, एटक के चंद्रजीत यादव, ऐक्टू के सतीश कुमार, मजदूर नेता अमरजीत पासवान, धर्मेंद्र कुमार, कोचिंग सेंटर एसोसिएशन के अध्यक्ष केडी यादव, भीम आर्मी के जिला महासचिव अभय कुमार, अधिवक्ता सरुण सदा, महादलित संगठन के सागर सदा आदि ने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलने एवं दोषी पर कड़ी कार्रवाई होने तक बहुजन आंदोलन जारी रहेगा।
बहुजन नेता समाजसेवी किरण देव यादव ने महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल से पीड़ितों को न्याय दिलाने, दोषी पर कार्रवाई करने, बहुजनों पर हो रहे दमन शोषण उत्पीड़न अन्याय अत्याचार हत्या बलात्कार पर रोक लगाने की मांग किया।
भीम आर्मी के संरक्षक किरण देव यादव ने कहा कि भीम आर्मी के संस्थापक सांसद चंद्रशेखर रावण के आह्वान पर बहुजनों के हक हकूक अधिकार के सवाल को लेकर निरंतर आंदोलन तेज किया जाएगा।
श्री यादव ने सभी अंबेडकरवादी एवं समान विचारधारा वाले संगठन प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिरोध मार्च पुतला दहन आंदोलन में भाग लेने का अपील किया।